जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के बिंदायका इलाके में आठ महीने की गर्भवती महिला की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को किराए के मकान के लॉन में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 22 वर्षीय प्रवेश रावत हत्या के बाद जयपुर से भाग गया था, जिसे बाद में उत्तर प्रदेश बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया गया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय किरण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रवेश को किरण के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने को लेकर शक था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक, प्रवेश और किरण पिछले कुछ महीनों से जयपुर में साथ रह रहे थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध था और जनवरी में प्रवेश कथित तौर पर किरण को उसके घर से अपने साथ ले आया था। बाद में किरण गर्भवती हो गई और प्रवेश उसकी देखभाल कर रहा था। दोनों के पास एक ही मोबाइल फोन था, जो प्रवेश का था। वह काम पर जाने से पहले फोन किरण के पास छोड़ जाता था। पुलिस का कहना है कि बाद में उसे शक होने लगा कि किरण फोन पर किसी और से बात करती है, जिसके बाद उनके बीच झगड़े बढ़ गए।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह प्रवेश ने कथित तौर पर किरण का गला दबा दिया। इसके बाद उसने शव को कुछ समय घर के अंदर रखा और फिर मकान के सामने लॉन में गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया। जांच में सामने आया कि शव के ऊपर करीब 2 किलो नमक डालकर मिट्टी से गड्ढा ढक दिया गया था। पुलिस का कहना है कि प्रवेश ने फिल्मों में देखे क्राइम सीन से यह तरीका अपनाने की बात सामने आई है। घटना के अगले दिन वह घर में ताला लगाकर सामोद हनुमान मंदिर गया और पूजा करने के बाद जयपुर लौट आया।
इसके बाद 25 और 26 सितंबर को प्रवेश फैक्ट्री में काम करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। 26 सितंबर की रात उसने परिवार को किरण की मौत के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घर के लॉन से गड्ढा खोदकर किरण का शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, प्रवेश ने अपना मोबाइल बंद कर जयपुर छोड़ दिया था। 27 सितंबर की सुबह वह फैक्ट्री गया और ठेकेदार से 500 रुपये लेकर वहां से निकल गया। बाद में मोबाइल दोबारा ऑन होने पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और यूपी बॉर्डर के पास से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पहले किरण की मौत को आत्महत्या बताया और कहा कि डर की वजह से उसने शव दफना दिया था। पुलिस अब हत्या की वजह और पूरी घटना की कड़ी जोड़ने में जुटी है।