जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार दोपहर प्रताप नगर थाने में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) सुखदेव जाट को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एसीबी के मुताबिक, एक केस में मदद और आरोपी को गिरफ्तार कर चालान पेश करने के बदले एएसआई ने रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में 11 अगस्त को एक महिला ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, प्रताप नगर थाने में उसके नाम से एक केस दर्ज था और उसकी जांच एएसआई सुखदेव जाट कर रहे थे। आरोप है कि केस में प्रभावी पैरवी और मदद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर चालान पेश करने के लिए एएसआई ने 10 हजार रुपए मांगे।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया। इसमें डिमांड की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की तैयारी की और शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपए लेकर एएसआई के पास भेजा। तय योजना के मुताबिक जैसे ही सुखदेव ने रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया।
बताया गया कि एएसआई ने रिश्वत के 10 हजार रुपए अपनी खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रखे थे। टीम ने मौके पर ही रकम बरामद कर ली। एसीबी अब मामले में आगे की कार्रवाई के साथ आरोपी एएसआई से पूछताछ कर रही है।