जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए हिट एंड रन हादसे में 40 वर्षीय स्कूटी सवार की मौत हो गई। मॉडल टाउन के पास नाबार्ड कॉलोनी के सामने तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पीछे से एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार एक युवती चला रही थी।
पुलिस के अनुसार, अशोक विहार, जगतपुरा निवासी श्रवण नाथ (40) सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे एक्टिवा से मालवीय नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तुरंत जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार अपेक्स सर्किल से यू-टर्न लेकर दोबारा घटनास्थल की ओर आती दिखाई दे रही है। फुटेज में सड़क लगभग खाली नजर आ रही है और कार टक्कर मारने के बाद बिना रुके आगे बढ़ जाती है। मृतक के परिजनों का कहना है कि चालक ने वापस लौटकर भी घटना स्थल की ओर देखा, लेकिन मदद करने के बजाय फरार हो गया।
पुलिस को मौके से मर्सिडीज कार की टूटी हुई हेडलाइट मिली है, जिसे अहम सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इसी के जरिए वाहन की पहचान करने में मदद मिलेगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।
मालवीय नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।