जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में इनकम टैक्स विभाग ने बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा किया है। मामले में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट पर फर्जी टैक्स अनुपालन फॉर्म के जरिए तीन साल के अंदर करीब 2,395 करोड़ रुपये भारत से बाहर भेजने का आरोप है। इस मामले में चार्टर्ड अकाउंटेंट अभिषेक जैन के खिलाफ पत्रकार कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है। शिकायत फॉरेन एसेट्स इन्वेस्टिगेशन यूनिट (FAIU), जयपुर के डिप्टी डायरेक्टर (इन्वेस्टिगेशन) मिंटू लाल मीणा ने दी है।
पत्रकार कॉलोनी थाना प्रभारी कविता शर्मा के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि अभिषेक जैन ने 2021 से 2024 के बीच कथित तौर पर 3,168 फॉर्म 15CB सर्टिफिकेट फर्जी तरीके से जारी किए। इनकम टैक्स एक्ट के तहत विदेश में पैसा भेजने के लिए ऐसे सर्टिफिकेट जरूरी होते हैं। आरोप है कि इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 2,395 करोड़ रुपये देश से बाहर भेजे गए।
जांच में यह भी सामने आया कि इन लेन-देन को 40 फर्जी कंपनियों के नाम पर किया गया था। इनकम टैक्स विभाग ने 18 अगस्त को देशभर में तलाशी अभियान शुरू किया था। इसके बाद फॉरेन इन्वेस्टिगेशन विंग ने जयपुर में अभिषेक जैन की फर्म के ठिकाने पर सर्वे किया, जो 22 अगस्त तक चला। इस कार्रवाई के दौरान कथित फर्जी भुगतान से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन फर्जी सर्टिफिकेट का इस्तेमाल एक कंपनी से दूसरी कंपनी और अलग-अलग लोगों के खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए किया गया। ये लेन-देन राजस्थान, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि घोटाले से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भूमिका का पता लगाया जा सके।