जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान के जयपुर में घर पर बनी नूडल्स खाने के बाद सात साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की तबीयत बिगड़ गई। शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। घटना 19 नवंबर की है, जब दोनों बहनों पीहू कुमावत और दिव्यांशी ने घर पर खुद नूडल्स बनाए थे। उस समय घर पर कोई और मौजूद नहीं था।
नूडल्स खाने के बाद दोनों बहनें सो गईं। दोपहर करीब 3 बजे जब उनकी मां घर पहुंचीं तो बड़ी बेटी दिव्यांशी की नींद खुली। उसे काफी बेचैनी और तबीयत खराब महसूस हुई, जबकि पीहू बेसुध पड़ी रही। परिवार के लोग दोनों को तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया।
दिव्यांशी का अस्पताल में इलाज किया गया और शुक्रवार सुबह उसे छुट्टी दे दी गई। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है, लेकिन बच्ची की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
परिवार ने पुलिस को शिकायत दी है। इसके बाद करधनी थाना पुलिस ने नूडल्स के नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बच्चियों के भाई गोविंद की तबीयत भी खराब है और वह पिछले दो महीने से अस्पताल में भर्ती है।