जयपुर, 26 मई 2025। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस की जय हिंद सभा को ''खीज सभा'' बताते हुए कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयानों को सिरे से खारिज कर दिए। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बीकानेर में ऐतिहासिक सभा के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर कांग्रेस नेताओं ने रैली में झूठ, फरेब और पाखंड की ऐसी त्रिवेणी बहायी जिसने भी सुना उसे उनके ज्ञान पर तरस ही आया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कहते है कि संघ परिवार का तिरंगे में विश्वास नहीं है, नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया। यह उनके अल्पज्ञान का द्योतक है क्योंकि उस कालखंड में केवल सरकारी इमारतों पर ही तिरंगा फहराने की ही अनुमति थी, जबसे माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने जिंदल मामले में इसे आम आदमी का अधिकार बताया, तब से संघ मुख्यालय पर भी ध्वजारोहण होता है। उन्होंने कहा कि 1930 में कांग्रेस लाहौर अधिवेशन में पूर्ण स्वराज का जब प्रस्ताव पारित हुआ था, उस समय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक डॉ हेडगेवार ने शाखाओं पर स्वतंत्रता दिवस मनाने के निर्देश दिए। कांग्रेस राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को बार बार टारगेट करती है लेकिन यह भूल जाती है कि स्वतंत्रता आंदोलन में डॉ हेडगेवार सहित 6 हजार से ज्यादा स्वयं सेवक 9 माह तक जेल में रहे थे। कांग्रेस का संघ के खिलाफ फैलाया जा रहा झूठ अब चलने वाला नहीं है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि देश पर जब संकट होता है तो कोई भी राष्ट्र भक्त ईमानदारी से अपने देश के साथ खड़ा होता है, लेकिन देश की सबसे पुरानी पार्टी में ऐसे लगता है अपने अंग्रेज संस्थापकों का डीएनए बाकी है जिसके कारण उनका देश के प्रति कोई कर्तव्यभाव नजर नहीं आता। वे आज भी फूट डालो राज करो की नीति पर कार्य कर रहे है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 8 जनवरी 2013 को पाकिस्तानी सैनिक भारतीय सैनिक का सिर काटकर ले गए थे। तब की कांग्रेस सरकार ने ना सर्जिकल स्ट्राइक की, ना कोई पाकिस्तान के खिलाफ किसी प्रकार की कोई कार्रवाई की। कांग्रेस डोजियर भेजने में विश्वास करती रही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉयरेक्ट एक्शन में विश्वास करते है। यहीं कारण है कि 1965 और 1971 के युद्ध में भी जो सिंधु जल समझौता रद्द नहीं हुआ, वो पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने निलंबित कर दिया। हमारा स्पष्ट मत है खून और पानी साथ नहीं बहता तथा ना ही टॉक और टेरिज्म साथ साथ चल सकते है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस को ना देश के प्रधानमंत्री की बात पर भरोसा है, ना ही सेना के अधिकारियों की बात पर विश्वास है। इन्हें एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के ट्विट पर एतबार है। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री यह स्पष्ट कर चुके है कि पाकिस्तान से बात केवल पाक अधिकृत कश्मीर पर और उसके द्वारा फैलाए गए आतंकवाद पर ही होगी। भारत की कार्रवाई से मैदान छोड़ भागे पाकिस्तान के डीजीएमओ की गुहार पर भारतीय सेना ने विचार किया और आपरेशन सिंदूर को खत्म नहीं किया, बल्कि स्थगित किया है। यह भारत के कुशल राजनैतिक नेतृत्व और सक्षम सेना की जय का अवसर है जिसे देश की जनता समझती है, इसी का प्रकटीकरण तिरंगा यात्रा और सिंदूर यात्रा के माध्यम से दिख रहा है।