जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। जैसलमेर और बीकानेर में ओलों की सफेद चादर बिछ गई, जबकि अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ गए और टीनशेड उड़ गए।
राजधानी जयपुर में भी शाम करीब 5:45 बजे मौसम अचानक बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कुछ इलाकों, खासकर बिंदायका में ओले गिरे। इसी तरह नागौर, सीकर, कुचामन-डीडवाना और जालोर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
इस मौसम बदलाव का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी फसलें बारिश और ओलावृष्टि की वजह से खराब हो गईं, वहीं बीकानेर के नोखा क्षेत्र में मंडी में रखा अनाज भी भीग गया। आंधी और बारिश के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में कमी आई है, जिससे फिलहाल लू का असर खत्म हो गया है।
अजमेर में चंद्रवरदाई नगर स्थित खेल मैदान के पास एक कार्यक्रम के दौरान आंधी-बारिश ने अव्यवस्था फैला दी। तेज हवा से टेंट फट गया और उसके पोल गिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अरब सागर से आ रही नमी के चलते प्रदेश में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का सिलसिला 7-8 अप्रैल तक जारी रह सकता है। इसी वजह से 10 अप्रैल तक प्रदेश में हीटवेव चलने की संभावना नहीं है।