जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के राजपुरोहित समाज भवन में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुरुदेव खेतेश्वर महाराज और आत्मानंद महाराज के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
समारोह में जालमसिंह डोडू ने सभापति के रूप में अध्यक्षता की, जबकि शंकरसिंह देवली को उपसभापति का दायित्व सौंपा गया। सभापति ने नव निर्वाचित अध्यक्ष कुलदीप सिंह बगड़ को शपथ दिलाई। इसके बाद, अध्यक्ष ने सचिव पद की शपथ उत्तम सिंह गोलिया और कोषाध्यक्ष पद की शपथ देवीसिंह नेवरा को दिलवाई। नई कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की।
निवर्तमान अध्यक्ष हनुमान सिंह घेवड़ा ने अपना द्विवार्षिक कार्यकाल पूरा करने के बाद नए अध्यक्ष को कार्यभार सौंपा। उन्होंने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और आय-व्यय का लेखा-जोखा समाज के समक्ष प्रस्तुत किया। नव निर्वाचित सदस्यों ने निवर्तमान कार्यकारिणी को माल्यार्पण और साफा पहनाकर विदाई दी। संभाग और दूर-दराज से आए सैकड़ों समाज बंधुओं ने इस अवसर पर उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के समापन पर भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसकी व्यवस्था नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने की थी। मंच का संचालन देवीसिंह कोसाणा और एडवोकेट अशोक सिंह पालड़ी ने किया। समारोह में भवानी सिंह भाडाणा, माधोसिंह कोलुपाबूजी, मनोहर सिंह ढोला शासन, राजू सिंह बुड़किया, मधुसिंह बामनू सहित कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।