जयपुर न्यूज डेस्क: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच राजस्थान में पेट्रोल और डीजल महंगे हो गए हैं। शुक्रवार से नई दरें लागू होने के बाद राजधानी जयपुर में पेट्रोल 107.97 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि श्रीगंगानगर, बीकानेर और सवाई माधोपुर में इसकी कीमत 109.46 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गई। वहीं डीजल भी कई जिलों में 94 रुपए प्रति लीटर से ऊपर पहुंच गया है।
तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में भी 3.25 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इससे पहले मार्च में भी प्रीमियम फ्यूल की कीमतें बढ़ाई गई थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब घरेलू बाजार पर भी दिखाई देने लगा है।
ईंधन की कीमतों में अचानक हुई इस बढ़ोतरी से आम लोगों, वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि अगर वैश्विक हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहे, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और इजाफा हो सकता है।