प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल भारत के परिवर्तन, प्रगति और गौरव के वर्ष :— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Photo Source : jaipur vocals

Posted On:Wednesday, June 11, 2025

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अद्भुत यात्रा को भारत के लिए प्रगति और गौरव के कल्याणकारी वर्ष बताए। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत न केवल एक उभरती हुई शक्ति बन रहा है, बल्कि हमारा देश दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। 2014 से पूर्व भारत चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन पथ प्रदर्शक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजबूत संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और जन-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ भारत की तकदीर और तस्वीर बदल दी। प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल भारत को एक नई दिशा दी, बल्कि इसे वैश्विक मंच पर एक सम्मानजनक और शक्तिशाली पहचान भी दिलाई। आज भारत की आवाज विश्व मंच पर न केवल आदर से सुनी जाती है, बल्कि उसका सम्मान भी किया जाता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का सपना है कि भारत पुनः विश्व गुरु बने, जैसा कि वह प्राचीन काल में था। उनके नेतृत्व में भारत ने न केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति की, बल्कि अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को पुन: स्थापित किया है। योग और आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर सम्मान मिला और भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा आज विश्व को दिशा दिखा रही है। आज भारत एक ऐसी शक्ति है जो न केवल अपनी सीमाओं को सुरक्षित रखता है, बल्कि वैश्विक शांति और सहयोग के लिए भी काम करता है। आत्मनिर्भर भारत का उनका नारा केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत के हर नागरिक के लिए एक प्रेरणा है। हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए, जिन्होंने भारत को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया। विकसित भारत की यह यात्रा यहीं समाप्त नहीं होती। हमें उनके नेतृत्व में और अधिक मेहनत करनी होगी, ताकि भारत 2047 तक एक विकसित, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र बने।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया। इसलिए उन्होंने GYAN यानि गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर ध्यान केंद्रीत किया। पीएम मोदी ने कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज वितरित किया, 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल कनेक्शन प्रदान किए, पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण किया गया, माताओं-बहनों के लिए 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराकर उन्हें सम्मान से जीवन जीने का हक प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान करने के साथ ही पहली बार केंद्र सरकार में 60 प्रतिशत मंत्री एससी, एसटी या ओबीसी वर्ग से शामिल किए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 वर्षों के कार्यकाल में देशभर की 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ते हुए 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया। किसानों के उत्थान के लिए मोदी सरकार में अभिनव काम किए गए। वर्ष 2013-14 की तुलना में वर्ष 2025-26 में कृषि बजट में 5 गुना की वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को 3 लाख 70 हजार करोड़ रूपए वितरित, 25 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित, 2021-26 के लिए पीएम कृषि सिंचाई योजना के लिए 93 हजार करोड़ रूपए आवंटित किए गए। इसी तरह महिलाओं के लिए 4 करोड़ 20 लाख सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए, पीएम मातृ वंदना योजना के तहत लगभग 4 करोड़ गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को 18 हजार करोड़ से अधिक की राशि वितरित की गई। सवेतन मातृत्व अवकाश 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह किया गया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10 करोड़ 33 लाख से अधिक धुआं मुक्त रसोई बनाई गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं के लिए पूर्ण रूप से समर्पित सरकार है। पिछले तीन दशक से अधिक समय बाद राष्ट्रीय शिक्षा नीति मोदी सरकार के कार्यकाल में लागू की गई। इसी तरह 2014 से पहले देश में केवल 13 आईआईएम थे। अब 21 आईआईएम हो चुके हैं। 1 लाख 60 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप 17 लाख 6 हजार से अधिक नौकरियां प्रदान कर रहे हैं। वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 16 आईआईटी थे। अब देश में यह संख्या 26 हो गई है। अब इनमें 6 हजार 500 सीटें और जोड़ी जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज की संख्या 2045 तक पहुंच चुकी है, जिनमें 780 एलोपैथी, 323 डेंटल और 942 आयुष संस्थान शामिल हैं।

500 से अधिक नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। देश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए मोदी सरकार पूर्णरूप से कृत—संकल्पित है। 2014 से पहले देश में एम्स की संख्या 7 थी, जो आज तीन गुना बढ़कर 23 हो गई है। 2014 से अब तक एमबीबीएस सीटें बढ़कर 1 लाख 18 हजार हुई और 74 हजार पीजी सीटें जुड़ी। यह चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक वृद्धि है। 220 करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन डोज दिए गए। मोदी सरकार ने भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी ऐतिहासिक कार्य किया हैं। उरी और पुलवामा में आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ दुश्मनों के आतंकी ठिकानों को तबाह किया।

पहलगांव में हुए कायराना हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहसी निर्णय से भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर सीमा पार के आतंकी ठिकानों को नष्ट कर 150 से अधिक आतंकियों को मार गिराकर एक नए भारत की शक्ति को प्रदर्शित किया। यह मोदी सरकार की आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है। आज देश में ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी हथियार निर्मित किए जा रहे हैं। ब्रम्होस, आकाश जैसी मिसाइल, स्नाइपर राइफल्स, बुलेट प्रूफ जैकेट जैसे रक्षा उपकरणों का निर्माण करने से रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता बढ़ी है। रक्षा निर्यात में 2014 से 34 गुना बढ़ोत्तरी हुई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि मोदी सरकार के कुशल आर्थिक प्रबंधन से देश की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल गई है। मोदी सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को अन्तिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। आज मोदी जी के नेतृत्व में सड़क, रेल, परिवहन क्षेत्र में भी क्रांतिकारी परिवर्तन भी हुए हैं। 400 विश्व स्तरीय वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चालू हो चुकी हैं। इसी तरह 2025 में हाईवे निर्माण की गति 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। मेट्रो की लंबाई 2014 में 248 किलोमीटर से बढ़कर 2025 में 1013 किलोमीटर हो गई। देश में 2014 से पहले 74 हवाई अड्डे थे। जो अब बढ़कर कुल 160 हवाई अड्डे हो गए हैं। 2014 से अब तक 3.96 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनाई गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार में भारत न केवल प्रगति के पथ पर दौड़ रहा है, बल्कि सनातन संस्कृति का भी उदय हो रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया। भव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल प्रोजेक्ट बनाए गए। सिख तीर्थ यात्रियों के लिए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खुलवाया गया। वक्फ संशोधन अधिनियम, 2025 बनाया गया जो केंद्रीकृत डिजिटलीकरण और एक मजबूत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता, जवाबदेही और शासन को स्थापित करता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने से लेकर अब तक प्रदेश को 2 लाख 11 हजार करोड़ रूपए केंद्र प्रवर्तित योजनाओं में प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के दर्द को समझते हुए मुफ्त अनाज की योजना को जन जन तक पहुंचाया।

राज्य के 4.5 करोड लोगों को पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना में मुफ्त अनाज प्रदान किया, 2 एक्सप्रेस हाइवे एवं भारत माला परियोजना के अंतर्गत सड़कों और राजमार्गों को मंजूरी दी। इससे राजस्थान की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रदेश की 9 लाख 6 हजार महिलाएं लखपति दीदी योजना से लाभान्वित हुई, 23 लाख लोगों के पीएम आवास योजना के तहत पक्के मकान का सपना पूरा किया। इसी प्रकार 87 लाख ग्रामीण घरों में स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय का निर्माण किया गया, आयुष्मान भारत योजना में 1 करोड़ 16 लाख मरीजों को निःशुल्क इलाज की सुविधा दी गई, प्रदेश की जनता को 23 मेडिकल कॉलेजों की सौगात मिली। मोदी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए गए। राज्य के 76 लाख 18 हजार से अधिक अन्नदाता किसानों को 24 हजार 949 करोड रूपए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में प्राप्त हुए हैं। उज्ज्वला योजना में 74 लाख एलपीजी कनेक्शन भी नि:शुल्क प्रदान किए गए है।प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 5000 रूपए प्रति महिला के हिसाब से 29 लाख महिलाओं को प्रदान किए गए जो हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी का महिलाओं के प्रति सम्मान को दर्शाता है। राजस्थान में जन धन योजना के तहत 3 करोड़ 69 लाख लोगों के खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 2 करोड 52 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं।

प्रेसवार्ता से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मोदी सरकार के 11 साल के कार्यों को समर्पित प्रदर्शिनी का शुभारंभ किया। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड, संकल्प से सिद्धि तक अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, भाजपा मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ मंच पर उपस्थित थे। मंच संचालन प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल ने किया।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.