जयपुर न्यूज डेस्क: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जयपुर के रहने वाले नीरज उधवानी की जान चली गई। वे अपनी पत्नी आयुषी के साथ घूमने कश्मीर गए थे। बुधवार रात करीब 8:15 बजे नीरज की पार्थिव देह इंडिगो की फ्लाइट (6E2042) से जयपुर लाई गई। एयरपोर्ट से शव को उनके निवास स्थान मॉडल टाउन (मालवीय नगर) स्थित फॉरेस्ट व्यू रेजीडेंसी ले जाया गया। साथ में पत्नी आयुषी, बड़े भाई किशोर और भाभी शुभि भी मौजूद थे। अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 9 बजे किया जाएगा।
नीरज पेशे से ACCA थे और UAE में काम करते थे। हाल ही में किसी परिचित की शादी अटेंड करने के लिए पत्नी आयुषी के साथ भारत आए थे। शादी के बाद दोनों शिमला घूमने गए और वहीं से कश्मीर का प्लान बना लिया। लेकिन यह यात्रा उनके लिए जानलेवा साबित हुई। हमले के दौरान आयुषी ने अपने जेठ को फोन कर रोते हुए बताया- “नीरज को गोली लग गई है…” फरवरी 2023 में नीरज और आयुषी की शादी पुष्कर के भंवर सिंह पैलेस में हुई थी।
नीरज के बड़े भाई किशोर उधवानी और भाभी शुभि दोनों इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर हैं। नीरज के चाचा दिनेश उधवानी ने बताया कि नीरज दुबई में एक अच्छी जॉब कर रहे थे और करीब तीन महीने पहले मकर संक्रांति पर ही जयपुर छुट्टियां मनाने आए थे। नीरज की असमय मौत ने परिवार ही नहीं, पूरे मोहल्ले को सदमे में डाल दिया है।